रायपुर। सरोना में हुई 60 लाख की चोरी मामले में मोवा के दो शातिर लड़के गिरफ्तार किए गए हैं। रवि कान्त गुप्ता निवासी अरिहन्त नगर ने चोरी की शिकायत आमानाका थाने में दर्ज कराई थी और बताया था कि वह दिनांक 28.07.26 को अपने घर में ताला लगाकर सपरिवार किसी कार्य से बाहर गया था। इसी दौरान कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के घर में लगे ताला को तोड़कर अंदर प्रवेश कर आलमारी का लाॅकर तोड़कर सोने एवं चांदी के जेवरात, नगदी रकम तथा कमरे में रखें अन्य सामान को चोरी कर ले गये थे।
चोरी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 231/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के हजारों फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। सीसीटीव्ही फुटेज से प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों का तकनीकी विश्लेषण करते हुए आरोपियों की गतिविधियों एवं संभावित मार्गों की जानकारी जुटाई गई।
साथ ही तकनीकी माध्यमों से प्राप्त अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का भी विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लगातार प्रयास किए गए। अज्ञात आरोपियों के संबंध में मुखबिर सक्रिय करने के साथ ही घटना के तरीका वारदात के आधार पर पूर्व में चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के संबंध में भी जानकारी एकत्रित की जा रही थी। हाल ही में जेल से रिहा हुए चोरी के आरोपियों की गतिविधियों एवं उनके संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटाकर संदिग्धों को चिन्हांकित करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस टीमों द्वारा लगातार सीसीटीव्ही फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण व अन्य स्तर पर पतासाजी करते हुए प्राप्त सूचनाओं एवं साक्ष्यों को आपस में जोड़कर आरोपियों की पहचान करने में सफलता प्राप्त करते हुये करण तांडी उर्फ केडे एवं लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी को पकड़ा गया। पूछताछ करने पर दोनों द्वारा किसी भी प्रकार से अपराध में अपनी संलिप्तता नहीं होना बताते हुए लगातार टीम के सदस्यों को गुमराह किया जा रहा था। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों अपने झूठ पर कायम नहीं रह सके और अंततः चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।