स्कूल ऑफिस में कथित शुद्धीकरण का वीडियो वायरल, प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल प्रखंड स्थित राजकीयकृत शिवनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक कथित शुद्धीकरण प्रक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर को यह वीडियो शिक्षा विभाग के संज्ञान में आया। वायरल वीडियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक अपने कार्यालय में कथित तौर पर ‘शुद्धीकरण’ की प्रक्रिया करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुजफ्फरपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा। विभाग की शुरुआती कार्रवाई में इस गतिविधि को सरकारी सेवक के आचरण और कर्तव्यों से जुड़ा गंभीर मामला माना गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी आदेश में कथित कृत्य को घोर अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के दायरे में माना गया है। विभाग के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और यह सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।इन्हीं आरोपों के आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

विभागीय जांच भी शुरू

मामला सिर्फ निलंबन तक सीमित नहीं है। शिक्षा विभाग ने प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी है। अब पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।फिलहाल ज्ञान प्रकाश निलंबित हैं और मामले की विभागीय जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *