दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर 2026 को ताजिकिस्तान के दुशांबे में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शासनाध्यक्षों की परिषद की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस बैठक में सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, कनेक्टिविटी, नवाचार और सांस्कृतिक एवं मानवीय आदान-प्रदान जैसे प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन के अंतर्गत चल रही सहयोग पहलों की प्रगति की समीक्षा तथा वित्तीय और संस्थागत कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
भारत एससीओ के विभिन्न मंचों पर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के क्षेत्र में भारत की पहल क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
इस बैठक के दौरान भारत अन्य सदस्य देशों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेगा और संगठन के भीतर व्यावहारिक एवं पारस्परिक लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर देगा।
उल्लेखनीय है कि एससीओ शासनाध्यक्षों की पिछली बैठक 18 नवंबर 2025 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित हुई थी, जिसमें भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया था।