ट्रेनी DSP अमित कोसमा ने रायपुर शहर में 24 घंटे चलाया सर्च ऑपरेशन, वारदात को अंजाम देने से पहले दबोचे गए गुंडे

रायपुर। राजधानी रायपुर के सेंट्रल जोन में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 24 घंटे में गोलबाजार, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धारदार चाकू के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा के नेतृत्व में 7 और 8 सितंबर को गोलबाजार, गंज एवं मौदहापारा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ा।

इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई

गंज थाना पुलिस ने नितेश सोनी (19) और अशोक भाण्डेकर (40) को धारदार चाकू के साथ पकड़ा। नितेश के कब्जे से तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे तथा अशोक के कब्जे से नहरपारा आम रोड क्षेत्र में आत्मानंद स्कूल की दीवार के पीछे से चाकू बरामद किया गया।वहीं मौदहापारा थाना पुलिस ने धन्नू साहू (20), रविन्द्र साठे (40) और मनोज यादव (34) को अलग-अलग स्थानों से धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ताज चौक, मेकाहारा अस्पताल रोड, एम्बुलेंस स्टैंड और सुलभ परिसर के पास से चाकू बरामद किए गए।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों और आपराधिक तत्वों की भी सघन चेकिंग की। प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने थाना गोलबाजार में क्षेत्र के लिस्टेड गुंडा-बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली। उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त समझाइश भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *