धमतरी। पुलिस ने बहुमूल्य खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 146 नग हीरे जैसे बहुमूल्य पत्थरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था। संयुक्त टीम ने उसे नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध गतिविधियों, चोरी और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी बिरेझर, थाना कुरूद और साइबर सेल धमतरी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, तलाशी में मिले 146 बहुमूल्य पत्थर
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि NH-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नीले एवं फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए।
वर्ष 2018 में पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करने का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से उक्त पत्थर चोरी किए थे। अब वह उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
जब्त पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक सैमसंग Galaxy S21 FE 5G मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 8 हजार रुपये बताई गई है, और 2,200 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। इस तरह कुल जब्ती 10 लाख 15 हजार 200 रुपये की है।
खान एवं खनिज अधिनियम और BNS के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पाए जाने पर 19 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय, कुरूद के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।