दुर्ग। जिले में 24 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती के पास से छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में युवती ने आरोपी को सजा दिलाने और अपने लिए न्याय की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, युवती दुर्ग के एक निजी संस्थान में काम करती थी। परिजनों का आरोप है कि संबंधित युवक पिछले करीब दो महीने से उसे परेशान कर रहा था और शादी करने के लिए दबाव डाल रहा था। युवती के चाचा ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसकी एक सहेली ने परिवार को युवक द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजनों ने युवती से बात की, लेकिन उसने खुद मामले को संभालने की बात कही थी।
परिजनों के मुताबिक, युवक युवती के भाई, बहन और मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। सुसाइड नोट में भी युवती ने लिखा है कि युवक पुलिस में अपनी पहचान होने और जेल जाने के बाद जल्द बाहर आ जाने की बात कहकर उसे डराता था। युवती ने अपने सुसाइड नोट में मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी भी मांगी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।