दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की रियायती बिक्री शुरू कर दी है। महाराष्ट्र के नासिक से प्याज लेकर चली ‘कांदा एक्सप्रेस’ शुक्रवार को दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पहुंच गई। सरकार इस प्याज को 35 रुपये प्रति किलो की दर से बेच रही है।
दिल्ली के खुले बाजार में प्याज की कीमत कई जगह 60-70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके मुकाबले केंद्र सरकार ने अपने बफर स्टॉक का प्याज 35 रुपये किलो बेचने का फैसला किया है। इसकी खुदरा बिक्री NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार के जरिए की जा रही है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव निधि खरे ने 27 अगस्त को कृषि भवन से NCCF और NAFED की मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर इस बिक्री की शुरुआत की थी। पहले दिन करीब 400 किलो प्याज की बिक्री हुई।
इस खेप को लेकर अलग-अलग चरणों में 800-840 टन तक की योजना बताई गई थी, लेकिन वास्तविक लोडिंग में बदलाव हुआ। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक नासिक के लासलगांव से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में करीब 450 मीट्रिक टन प्याज ही लोड होकर रवाना हुआ, जबकि शुरुआती योजना 840 मीट्रिक टन की थी। ट्रेन करीब 26 घंटे की देरी से रवाना हुई।
सरकार ने शुरुआत में दिल्ली-एनसीआर के 13 स्थानों पर मोबाइल वैन के जरिए बिक्री शुरू की थी। अब व्यवस्था को बढ़ाकर 40 से ज्यादा स्थानों तक किया जा रहा है। NCCF ने 28 अगस्त के लिए 40+ दिल्ली लोकेशन पर 35 रुपये किलो प्याज उपलब्ध होने की जानकारी दी है।