रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव एनीकट में नहाने गए एक युवक के कपड़े और कपड़ों की जेब में रखी नकदी, चांदी की चेन तथा मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित सोनल बंजारे ने पुलिस को घटना की शिकायत दी है।
शिकायत के मुताबिक सोनल बंजारे नकटी खपरी, थाना तिल्दा क्षेत्र का रहने वाला है और किराना दुकान संचालित करता है। वह अपने बड़े पिता आनंद कुमार बंजारे के इलाज के लिए रायपुर के ओम हॉस्पिटल, रायपुरा आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने चचेरे भाइयों धीरेन्द्र चंदेल और उमेश बंजारे के साथ भाठागांव एनीकट में नहाने के लिए गया था।
तीनों ने नदी में नहाने से पहले अपने कपड़े घाट पर उतारकर रख दिए थे। सोनल ने अपनी फुलपैंट की जेब में चांदी की चेन, 5 हजार रुपये नगद और मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन रखा था। करीब 11:50 बजे नहाने के बाद जब वे वापस घाट पर पहुंचे तो सोनल की फुलपैंट वहां से गायब थी।
काफी तलाश करने के बाद भी कपड़े नहीं मिले। शिकायतकर्ता के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने फुलपैंट के साथ उसकी जेब में रखी चांदी की चेन, 5,000 रुपये नगद और मोटोरोला मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।