जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गरमा गया है। युवक की मौत की खबर सामने आते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चांपा पुलिस ने बुधवार को मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को अवैध शराब बिक्री के मामले में हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि युवक को रातभर पुलिस हिरासत में रखा गया।इसके बाद गुरुवार सुबह परिजनों को युवक की मौत की जानकारी मिली। खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
युवक की मौत के बाद परिजन और अन्य लोग चांपा थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई और उसे प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी।हालांकि, युवक की मौत की वास्तविक वजह और हिरासत के दौरान लगाए गए आरोपों की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।