दुर्ग। पाटन तहसील कार्यालय में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार्यालय के एक कमरे की छत का प्लास्टर अचानक नीचे आ गिरा। खास बात यह रही कि प्लास्टर उसी कुर्सी के ऊपर गिरा, जहां तहसीलदार बैठते हैं। गनीमत रही कि घटना कार्यालय खुलने से पहले हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक, पाटन तहसील कार्यालय के जिस कमरे में तहसीलदार बैठते हैं, वहीं छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया। इसी कमरे में रीडर और बाबू भी बैठते हैं। घटना के वक्त कार्यालय में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। अगर कार्यालय खुलने के बाद यह प्लास्टर गिरता, तो तहसीलदार सहित वहां काम करने वाले कर्मचारियों और कार्यालय आने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।
घटना के बाद तहसील कार्यालय की भवन सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सरकारी कार्यालय की छत का प्लास्टर अचानक गिरने की घटना ने भवन की स्थिति पर भी चिंता पैदा कर दी है।