बिलासपुर का ये परिवार नशे का व्यापार कर रहा था, 20 लाख की नशीली कैप्सूल-टैबलेट जब्त

बिलासपुर। नशीली दवाओं के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीपत थाना क्षेत्र के गुड़ी गांव में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार कर 4,750 नशीले कैप्सूल और टैबलेट जब्त किए हैं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, एसीसीयू और सीपत पुलिस को सूचना मिली थी कि गुड़ी गांव में कुछ लोग बाहर से नशीली दवाएं लाकर बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उग्रसेन लोनिया के घर पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उग्रसेन लोनिया (60), उसके बेटे मुकेश कुमार लोनिया (30) और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा (20) को गिरफ्तार किया। उनके पास से प्रतिबंधित प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट की 4,750 नग खेप बरामद हुई। इनका वजन 2,495.64 ग्राम है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास नशीली दवाओं को रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या डॉक्टर की पर्ची नहीं मिली। मामले में तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुकेश लोनिया पहले भी नारकोटिक्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। अब पुलिस इस पूरे मामले में दवाओं की सप्लाई कहां से हुई और इन्हें आगे किसे बेचा जाना था, इसकी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *