युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले गिरोह, भाटापारा शहर में 7 की गिरफ्तारी

बलौदाबाजार। पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,146 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एक कार, 8 मोबाइल फोन और 7,650 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2.61 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई की जानकारी मिलने के बाद थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की टीम को जांच में लगाया गया था। पुलिस ने मोबाइल डेटा, लोकेशन और संदिग्ध फोन कॉल की मदद से तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग सफेद रंग की कार क्रमांक CG 07 AB 7007 से नशीली दवाओं की खेप लेकर ग्राम दतरेगा के एक निर्माणाधीन मकान में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी की और वहां मौजूद 6 आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जब्त दवाओं की जांच कराई गई। इसमें Spas Trancan Plus की 1,088 कैप्सूल और Ultracet की 58 टैबलेट, 1,146 नशीली दवाएं बरामद हुईं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 21(c), 29 और BNS की धारा 111 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े सप्लायर और आगे दवाओं की सप्लाई लेने वालों की जानकारी जुटा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *