राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र में बिना पैसे शराब देने से मना करने पर दो युवकों ने शराब दुकान के सेल्समैन पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 9 बजे भरत उर्फ सोनू साहू और रोशन साहू शराब दुकान पहुंचे। दोनों ने सेल्समैन से बिना पैसे शराब की बोतल मांगी। सेल्समैन ने शराब देने से मना किया तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार चाकू से सेल्समैन के चेहरे और नाक के पास हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।