बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के देवनंदन नगर फेज-2 में बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच के बाद पुलिस ने एक नाबालिग बालक को पकड़ा है। उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये के जेवरात और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक देवनंदन नगर निवासी श्याम बिहारी गुप्ता ने 9 सितंबर को सरकंडा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात में परिवार घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। सुबह उठने पर नीचे के कमरों और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा घर का सामान बिखरा हुआ था।

जांच में सामने आया कि चोर ने रात के समय छत की ओर जाने वाले दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद सोने-चांदी के जेवर और करीब 6 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1285/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर चोर की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को एक नाबालिग पर संदेह हुआ। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में नाबालिग के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, भूनेश्वरी मरावी तथा आरक्षक संजीव जांगड़े, आफाक खान और विवेक राय की भूमिका रही।