दुर्ग। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाल यौन शोषण से संबंधित अश्लील सामग्री ऑनलाइन साझा करने और अपलोड करने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। यह कार्रवाई राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की साइबर टिपलाइन से मिली सूचना के आधार पर की गई।
दुर्ग साइबर सेल और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने आईपी एड्रेस, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट का विश्लेषण कर संबंधित थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। आरोपियों के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67(B) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुरानी भिलाई, छावनी, जामुल, नेवई और बोरी थाना क्षेत्रों में की गई। इन मामलों में कुल छह अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें जामुल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
दुर्ग पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- पोषण लाल देवांगन, निवासी रामनगर, सुपेला, जिला दुर्ग।
- दिनेश प्रजापति (20 वर्ष), निवासी नया पारा, बासिन, जिला दुर्ग।
- उमेश कुमार साहू (43 वर्ष), निवासी चेतना चौक, भाठापारा, कुरूद, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
- मुकेश विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी ग्राम ढौर, जामुल।
- प्रकाश दास (26 वर्ष), निवासी बीआरपी कॉलोनी, स्टेशन मरोदा।
- दो नाबालिग।
इन थानों में दर्ज किए गए अपराध
- पुरानी भिलाई: अपराध क्रमांक 630/2026
- छावनी: अपराध क्रमांक 759/2026
- जामुल: अपराध क्रमांक 835/2026 और 836/2026
- नेवई: अपराध क्रमांक 741/2026
- बोरी: अपराध क्रमांक 97/2026
सभी मामलों में आईटी एक्ट की धारा 67(B) के तहत कार्रवाई की गई है।