दुर्ग। जिले में अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने और आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस ने करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों का बाउंड ओवर और MCU कराया है, जबकि जिले में अब तक 2100 से अधिक आदतन बदमाशों एवं गैंग हिस्ट्रीशीटरों का MCU किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, जिले के सक्रिय और स्थाई गैंग हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर की रात से पुलिस टीमों ने गैंग हिस्ट्रीशीटरों की पहचान, चेकिंग और रिकॉर्ड सत्यापन का अभियान चलाया।
इस दौरान संबंधित बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन किया गया। साथ ही पुलिस अभिलेखों को अपडेट किया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सके और किसी भी संभावित अपराध को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि गैंग हिस्ट्रीशीटरों और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।