Headlines

रेलवे लाइन काटकर सामान ले गया, रायगढ़ में चोर गिरफ्तार

रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन से कीमती सामग्री और बाइक चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो HF डिलक्स बाइक बरामद की है। वहीं रेलवे सामग्री बेचकर मिली रकम में से बची 2 हजार रुपये भी जब्त की गई है।

मामला 11 जुलाई की रात का है। कारीछापर और कुडुमकेला के बीच लमडांड के जंगल क्षेत्र में रेलवे लाइन से बड़ी मात्रा में सामग्री चोरी कर ली गई थी। चोरी की गई सामग्री में 215 मीटर कैटनरी तार, 215 मीटर संपर्क तार, ड्रापर वायर, कैटनरी और संपर्क तार की क्लिप समेत अन्य रेलवे उपकरण शामिल थे। इस मामले में घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस चोर की तलाश कर रही थी।

इसी बीच 10 सितंबर को ग्राम नावापारा टेंडा बाजार डांड के पास से CG-13-AH-0489 नंबर की HF डिलक्स बाइक चोरी हो गई। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तरेकेला का रामप्रसाद सारथी चोरी की बाइक के साथ देखा गया है।

पुलिस टीम ने छाल क्षेत्र में घेराबंदी कर रामप्रसाद को पकड़ा। पूछताछ में उसने रेलवे लाइन से सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी का सामान फेरी-कबाड़ियों को बेच दिया था और मिली रकम खर्च कर दी। बिक्री की रकम में से बची ₹2,000 पुलिस ने बरामद कर ली।

इसके बाद बाइक चोरी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बाइक चोरी करना भी स्वीकार किया। उसके बताए स्थान से पुलिस ने करीब ₹40 हजार कीमत की चोरी की बाइक बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामप्रसाद सारथी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *