Headlines

लालपुर ओवरब्रिज के पास बैग की चेकिंग, 9 लाख का गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने लालपुर ओवरब्रिज के पास 18.330 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 9.16 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक लालपुर ओवरब्रिज के पास गांजा लेकर बिक्री के लिए घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान मंगल हरिजन (19) और भीमराज तांडी (23), दोनों निवासी ग्राम सालेकेला, जिला नवापारा, ओडिशा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के बैग से कुल 18.330 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने गांजा और मोबाइल समेत कुल 9.36 लाख रुपये की जब्ती की है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाना बताया है। पुलिस अब गांजा सप्लायर और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 852/26, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *