मोबाइल ऐप, WhatsApp और Telegram से चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का हाईटेक नेटवर्क, जांजगीर में मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के अंतरजिला/स्थानीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मास्टरमाइंड और मुख्य एडमिन समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, मोबाइल फोन और चैट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क पारंपरिक तरीके से नहीं बल्कि मोबाइल ऐप, WhatsApp ग्रुप, Telegram चैनल और USDT (क्रिप्टो डिजिटल करेंसी) के जरिए संचालित किया जा रहा था। जांच में बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन में 30 लाख रुपये से अधिक के ट्रांजैक्शन की जानकारी सामने आई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

साइबर थाना जांजगीर को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में तत्काल रेड कार्रवाई की। पूछताछ में हेमलाल यादव ने BDG ऑनलाइन सट्टा गेम और उससे जुड़े बड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि उसे सट्टा खेलने की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर नेटवर्क की अगली कड़ी तक पहुंच बनाई।

ऐसे चलता था सट्टे का पूरा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि शैलेंद्र कुमार शर्मा इस नेटवर्क का मुख्य एडमिन था। उसके पास BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक थे। वह WhatsApp के माध्यम से इन लिंक और आईडी को दूसरे लोगों तक पहुंचाता था। नेटवर्क में एक व्यक्ति के नीचे दूसरे लोगों को जोड़ा जाता था। नीचे जुड़ा व्यक्ति जितना सट्टा खेलता, ऊपर बैठे एडमिन को उतना ही कमीशन मिलता था। इस तरह लिंक और कमीशन के जरिए पूरा ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चेन की तरह संचालित किया जा रहा था।

एक-एक कर 6 आरोपी पुलिस के शिकंजे में

मुख्य एडमिन शैलेंद्र से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर महेश प्रसाद राठौर, राकेश कुमार राठौर, दुर्गेश कुमार राठौर और हीरालाल यादव को भी हिरासत में लिया। इनके मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, शैलेंद्र कुमार शर्मा अब तक करीब 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेल चुका था और लिंक के जरिए कई अन्य लोगों को भी इस नेटवर्क से जोड़ चुका था।

USDT के जरिए भी होता था पैसों का लेनदेन

जांच में ऑनलाइन सट्टे के पैसों के लेनदेन का हाईटेक तरीका भी सामने आया है। पुलिस को WhatsApp चैट के साथ-साथ USDT के माध्यम से डिजिटल एसेट्स में लेनदेन किए जाने के प्रमाण मिले हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन से सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के दूसरे राज्यों से जुड़े कनेक्शन और अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

  • हेमलाल यादव उर्फ सोनू, उम्र 47 वर्ष, न्यू चंदनियापारा लिंक रोड, जांजगीर
  • शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू, उम्र 45 वर्ष, शंकर विहार कॉलोनी, लिंक रोड जांजगीर — मुख्य एडमिन
  • महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश, उम्र 47 वर्ष, न्यू चंदनियापारा वार्ड-07, जांजगीर
  • राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू, उम्र 45 वर्ष, अकलतरा रोड, जांजगीर
  • दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु, उम्र 45 वर्ष, पुराना चंदनियापारा लिंक रोड, जांजगीर
  • हीरालाल यादव, उम्र 47 वर्ष, न्यू चंदनियापारा लिंक रोड, जांजगीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *