महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलसापाली चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो से 13 किलो अवैध गांजा बरामद किया। मामले में महाराष्ट्र निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आज पलसापाली बैरियर पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर बोलेरो क्रमांक MH 21 V 0435 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम गीताराम ओटे (39 वर्ष), निवासी नायगांव, थाना पैठण, जिला संभाजी नगर, महाराष्ट्र बताया।
वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 13 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
11 लाख 50 हजार की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये है, उसे भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कार्रवाई में कुल 11 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर लगातार वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।