बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने सुबह-सुबह महिला के कमरे में घुसकर उसके साथ गलत हरकत की। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद चकरभाठा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच की है। महिला अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी (30 वर्ष), निवासी ग्राम सैदा, थाना सकरी, जिला बिलासपुर उसके कमरे में घुस गया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसके शरीर को गलत नीयत से छुआ। महिला की नींद खुलने पर उसने आरोपी का विरोध किया।
महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार देगा। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई की है।