Headlines

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महाराष्ट्र सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदना

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में कबीरधाम जिले के प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बांधाटोला पहुंचकर सड़क हादसे में दिवंगत गनेशिया पटेल (26 वर्ष) के निवास पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। हादसे में परिवार के मुकेश पटेल (5 वर्ष) और डाली पटेल (2 वर्ष) घायल हुए हैं। विजय शर्मा ने दोनों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इसी गांव में उन्होंने हादसे में घायल ललिता पटेल (26 वर्ष), तन्मय पटेल (2 वर्ष) और रामप्यारी पटेल (50 वर्ष) के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ग्राम विचारपुर पहुंचे। यहां सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों मीनाक्षी वर्मा (25 वर्ष), सरिता वर्मा (25 वर्ष) और ग्रीशा वर्मा (2 वर्ष) की मृत्यु हुई है। विजय शर्मा ने उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

अन्य शोक संतप्त परिवारों से भी मिले

उप मुख्यमंत्री ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बीजा बैरागी पहुंचकर सड़क हादसे में दिवंगत कुमारी बाई पटेल (40 वर्ष) के परिवार से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने लोहारा के ग्राम बांधाटोला पहुंचकर सूरत में एक बड़ी इमारत से गिरने के कारण दिवंगत मायाराम पटेल के निवास पर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात की।

इस दौरान विजय शर्मा ने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों को खोने का दुख बेहद पीड़ादायक होता है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की। साथ ही परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *