Headlines

जनता से पूरी तरह नकारी जा चुकी कांग्रेस अब सड़क पर नौटंकी कर अपनी खोई जमीन तलाशने का विफल प्रयास कर रही है : भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने कांग्रेस पार्टी द्वारा 1 नवम्बर को नई दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन पर कड़ा प्रहार किया है। पाण्डेय ने इसे कांग्रेस का सुनियोजित राजनीतिक पाखण्ड और जनता का ध्यान भटकाने वाला हथकण्डा करार दिया और कहा कि जब-जब देश और राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छूते हैं, तब-तब कांग्रेस हताशा और निराशा में इस तरह के निरर्थक प्रदर्शनों का सहारा लेती है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई नीति है, न कोई साफ नीयत और न ही कोई जनसरोकार से जुड़ा मुद्दा। जनता ने लगातार चुनावों में कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को खारिज कर यह संदेश दे दिया है कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

अपनी इस करारी पराजय और आंतरिक गुटबाजी से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस दिल्ली में जमावड़ा कर खुद को प्रासंगिक साबित करने की हास्यास्पद कोशिश कर रही है। पाण्डेय ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जब भी जनता की अदालत में बेनकाब होती है, तो उसके नेता सहानुभूति बटोरने के लिए धरने-प्रदर्शनों का नाटक रचते हैं।

यह प्रदर्शन जनहित के लिए नहीं, बल्कि अपने घोटालों और विफलताओं को बचाने के लिए है। जिस दल ने दशकों तक लोकतांत्रिक संस्थाओं का दमन किया, आज वही दल लोकतंत्र की दुहाई देकर देश की जनता को गुमराह करने की असफल चेष्टा कर रहा है। श्री पाण्डेय ने कहा कि 1 नवम्बर को दिल्ली में होने वाला यह प्रदर्शन भी कांग्रेस के पिछले प्रदर्शनों की तरह पूरी तरह बेअसर और फ्लॉप साबित होगा। देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र को भली-भाँति पहचान चुकी है और वह किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *