चोर पकड़ने गंगा नदी में दुर्ग पुलिस ने की घेराबंदी, 1 करोड़ की चोरी का हुआ खुलासा

दुर्ग। जिले के वैशाली नगर क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान में हुई चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर 2026 को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को लौटने पर उन्हें घर की अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी तथा डायमंड के आभूषण गायब मिले। शिकायत पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना वैशाली नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की। जांच के दौरान राहुल बंसोड़ और उसके साथियों की भूमिका सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर, भदोही और प्रयागराज सहित अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलते रहे। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए गए।

आरोपी लगातार प्रयागराज एवं मिर्जापुर के बीच अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वह गंगा नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक नाव के माध्यम से आवागमन कर रहा था।

चोरी के आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स भी गिरफ्तार

पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप कुमार चौधरी ने अपने हिस्से के सोने के आभूषण भदोही स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को बेचे थे। पुलिस के अनुसार, ज्वेलर्स ने चोरी के आभूषण खरीदने और कुछ आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलने की बात स्वीकार की। इसके अलावा सुजीत सिंह की भूमिका भी चोरी के माल की बिक्री कराने और आरोपियों की मदद करने में सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम से प्रदीप ने मोटरसाइकिल खरीदी और अपने घर में बोरिंग, मरम्मत तथा मोटर पंप पर खर्च किया। वहीं, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड एक्सयूवी कार खरीदी थी।

जांच में राहुल के परिजनों और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी सामने आई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने चोरी की नकदी और आभूषण छिपाने तथा मुख्य आरोपी को फरार होने में मदद करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान पुलिस ने रात करीब 3 बजे घेराबंदी कर चोरी का माल लेकर जा रहे आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई में इनोवा वाहन सहित नकदी और आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस ने इस मामले में प्रदीप कुमार चौधरी, सुजीत सिंह, सोनू जायसवाल, रविन्द्र बंसोड़, किरण बंसोड़, आयुष बंसोड़, रेखचंद्र देवांगन, आकाश कुमार श्रीपाद और अमन सिंह को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *