रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था और मेडिकल वेस्ट के उचित निपटान को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। जोन क्रमांक 9 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आदर्श नगर मोवा स्थित अनुपम हॉस्पिटल मल्टी स्पेशलिटी सेंटर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के दौरान सामान्य कचरे में मेडिकल वेस्ट मिलाकर दिए जाने का मामला पकड़ा। इस पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का ई-जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम के अनुसार, आदर्श नगर मोवा में ओम शांति स्कूल के पीछे स्थित अनुपम हॉस्पिटल में जांच के दौरान मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ मिलाकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में दिए जाने की जानकारी सामने आई। इस पर निगम की टीम ने अस्पताल प्रबंधन की संचालिका डॉ. नम्रता सिरमौर को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की सख्त चेतावनी दी और तत्काल 30 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश तथा जोन 9 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
नगर निगम ने अस्पताल प्रबंधन को भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। मेडिकल वेस्ट का सामान्य कचरे में मिलना स्वास्थ्य और पर्यावरण की दृष्टि से गंभीर विषय है।