रायपुर। कलेक्टोरेट परिसर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर की सीढ़ियों पर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल (50 वर्ष), पिता प्रभु राम पटेल, निवासी श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द, आरडीए कॉलोनी, थाना टिकरापारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कलेक्टोरेट परिसर में चौकीदार के पद पर कार्यरत था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक पर काफी कर्ज होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उस पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज था, जिसके चलते वह परेशान चल रहा था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे कर्ज ही वजह है या कोई अन्य कारण, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में कर्ज और लोन से संबंधित बातें सामने आई हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।