सूरजपुर। जिले के गणेशपुर गांव से एक बुजुर्ग महिला से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। करीब 90 वर्षीय महिला ने अपने ही परिजन पर मारपीट करने और गर्म पानी डालने का आरोप लगाया है। महिला की पीठ पर झुलसने के गंभीर निशान बताए जा रहे हैं, जबकि आंख के ऊपर चोट के कारण खून निकलने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला मदद की उम्मीद लेकर जनपद कार्यालय पहुंची। वहां अधिकारियों ने जब उसकी स्थिति देखी तो तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में महिला का इलाज कराया गया। महिला के मुताबिक उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और गर्म पानी डाल दिया गया। इससे उसकी पीठ झुलस गई। वहीं आंख के ऊपर चोट लगने से भी वह घायल हुई। घटना के पीछे घरेलू विवाद समेत अन्य कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने थाना प्रभारी से चर्चा कर प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस स्तर पर घटना की जांच की जा रही है।
बुजुर्ग महिला से जुड़ी तस्वीरें और घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया है। हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए मारपीट और गर्म पानी डालने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल पुलिस से मामले की जांच और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की अपेक्षा है।