धमतरी में बस से गांजा जब्त,उड़ीसा से MP तक सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त

धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोराई पुलिस ने उड़ीसा से बस के जरिए गांजा लेकर आ रहे मध्यप्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11.33 किलोग्राम गांजा समेत कुल 2 लाख 32 हजार 350 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को बोराई थाना पुलिस द्वारा बैरियर नाका के पास संदिग्ध वाहनों और यात्रियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से धमतरी की ओर आ रही यात्री बस क्रमांक CG 04 EA 2476 को रोककर यात्रियों की जांच की गई।

जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल वर्मा (26), निवासी सतवास, जिला देवास (मध्यप्रदेश) और मोहित गोदरा (28), निवासी गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.33 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2.20 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन करीब 10 हजार रुपये और 2,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 2,32,350 रुपये बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *