बागपत। NCR में तय अवधि पूरी कर चुके पुराने वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी है। बागपत में चल रही कार्रवाई के दौरान करीब 30 साल पुराने स्कूटर को सीज किया गया। बताया जा रहा है कि यह स्कूटर पश्चिम बंगाल की IAS अधिकारी सना अख्तर के पिता तमीम अख्तर के नाम से है।
कार्रवाई के दौरान एक ADO की करीब 15 साल पुरानी बाइक भी परिवहन विभाग के निशाने पर आ गई। टीम ने बाइक को भी जब्त कर स्क्रैप सेंटर भेज दिया। दोनों मामलों की चर्चा इलाके में हो रही है।
दरअसल, बागपत एआरटीओ विपिन कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग पिछले करीब 10 दिनों से पुराने वाहनों के खिलाफ अभियान चला रहा है। टीम ऐसे वाहनों की पहचान कर रही है, जो NCR में निर्धारित संचालन अवधि पूरी होने के बावजूद सड़कों पर चल रहे हैं।
अभियान के दौरान अब तक 122 वाहनों को सीज कर स्क्रैप सेंटर भेजा जा चुका है। विभाग की कार्रवाई सिर्फ सड़क पर चलने वाले वाहनों तक सीमित नहीं है। अधिकारियों की टीम ऐसे पुराने वाहनों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, जो अवधि पूरी होने के बाद घरों या अन्य स्थानों पर खड़े हैं।
NCR में नियमों के मुताबिक डीजल वाहनों के लिए 10 साल और पेट्रोल वाहनों के लिए 15 साल की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद उनके संचालन पर प्रतिबंध है। इसी नियम के तहत परिवहन विभाग पुराने वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।सबसे ज्यादा चर्चा उस करीब 30 साल पुराने स्कूटर की है, जो घर के बाहर खड़ा था। विभाग ने निर्धारित नियमों के तहत उसे भी सीज कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के तहत पुराने वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी।