सूरजपुर में शराब के नशे में युवक ने ट्रक से मचाया तांडव, कई दुकानें और गाड़ियां क्षतिग्रस्त

सूरजपुर। जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में एक युवक ने ट्रक को स्टार्ट कर सड़क पर जमकर उत्पात मचा दिया। युवक ने ट्रक को कभी आगे तो कभी पीछे चलाते हुए सड़क किनारे स्थित दुकानों और वहां खड़े कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि रात का समय होने के कारण बड़ी जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, युवक एक मछली दुकान में काम करता है और अक्सर ट्रक में ही सोता था। देर रात वह शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने ट्रक को स्टार्ट किया और उसे आगे-पीछे चलाने लगा। कुछ ही देर में ट्रक सड़क किनारे मौजूद दुकानों और वाहनों से टकराने लगा।

ट्रक की टक्कर से करीब चार दुकानों के चबूतरे क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानों के बाहर लगाए गए शेड को भी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा एक छोटा हाथी वाहन, ओमनी, स्विफ्ट डिजायर और ग्रैंड विटारा समेत दो बाइक भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।

बड़ा हादसा टला

घटना देर रात हुई, इसलिए सड़क पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी। इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर उस वक्त सड़क किनारे ज्यादा लोग मौजूद होते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *