कोरबा में 3 किशोरियों की मौत, कपड़े और चप्पल की वजह से मिली लाशें

कोरबा। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। तालाब में नहाने गईं एक ही बस्ती की तीन मासूम बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां आपस में सहेलियां थीं।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं। उनके परिजन रोज की तरह अपने काम पर चले गए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां घर से निकलकर तालाब की ओर चली गईं। काफी समय बीतने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चियों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिले। इससे ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसी दौरान तालाब में एक बच्ची का शव दिखाई दिया।

इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश तेज कर दी। खोजबीन के दौरान तीनों बच्चियों के पानी में डूबने की जानकारी सामने आई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम छा गया और बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं और बाहर नहीं निकल सकीं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर बच्चियों की मौत को लेकर शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *