तेलंगाना। हैदराबाद स्थित गाचीबोवली स्टेडियम में मैराथन पूरी करने के कुछ ही देर बाद IBM कंपनी में कार्यरत 36 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोम्मिनेनी गोपी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने मैराथन पूरी कर फिनिश लाइन पार की और मेडल भी हासिल किया था। इसके बाद नाश्ते के लिए जाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह गाचीबोवली स्टेडियम में नेशनल इवेंट्स ब्यूरो (NEB) की ओर से मैराथन का आयोजन किया गया था। इसमें कोम्मिनेनी गोपी ने भी हिस्सा लिया था। उन्होंने सफलतापूर्वक दौड़ पूरी की और फिनिश लाइन पार करने के बाद मेडल प्राप्त किया। इसके कुछ ही देर बाद जब वे ब्रेकफास्ट एरिया की ओर जा रहे थे, तभी अचानक उनकी सांस फूलने लगी और वे गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और आयोजकों ने तुरंत उनकी मदद की। उन्हें बिना देरी किए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने सुबह करीब 8:45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाचीबोवली पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, शुरुआती लक्षणों के आधार पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरने के कुछ ही सेकंड के भीतर उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया था।
कोम्मिनेनी गोपी मणिकोंडा क्षेत्र की अलकापुर कॉलोनी में रहते थे और IBM में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बच्चा है। बताया गया है कि गोपी नियमित रूप से दौड़ने और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लेते थे।
मैराथन पूरी करने और मेडल हासिल करने के तुरंत बाद हुई इस घटना से स्टेडियम में मौजूद प्रतिभागियों और आयोजकों में शोक का माहौल है।