दुर्ग। दीपावली पर उधार की रकम लौटाने का दबाव बढ़ा तो दो युवकों ने ऑनलाइन ठगी की साजिश रच डाली। आरोपियों ने एक युवक को घर छोड़ने का झांसा देकर उसका मोबाइल फोन लिया और छलपूर्वक फोन-पे का पासवर्ड हासिल कर बैंक खाते से 45 हजार रुपये अपने परिचित के खाते में ट्रांसफर कर दिए। मामले में सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा सहित करीब 85 हजार रुपये की मशरूका जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, कातुलबोर्ड, भिलाई निवासी सरताज अंसारी ने 1 नवंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे से 11:09 बजे के बीच राजेन्द्र पटेल उर्फ राहुल और नितेश राजपूत उर्फ चिंटू ने उसे घर छोड़ने का बहाना बनाकर उसका मोबाइल फोन लिया। इस दौरान आरोपियों ने धोखे से फोन-पे का पासवर्ड हासिल कर उसके बैंक खाते से 45 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
मामले की रिपोर्ट पर सुपेला थाना की स्मृतिनगर चौकी में अपराध क्रमांक 1650/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नितेश राजपूत उर्फ चिंटू ने लोगों से करीब 50 हजार रुपये उधार लिए थे। दीपावली के दौरान कर्ज देने वालों द्वारा रकम वापस मांगने पर दोनों ने मिलकर ठगी की योजना बनाई। इसके बाद एक्टिवा से बटालियन भट्ठी क्षेत्र पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 45 हजार रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- राजेन्द्र पटेल उर्फ राहुल (26 वर्ष), निवासी हरि नगर, कातुलबोर्ड, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
- नितेश राजपूत उर्फ चिंटू (27 वर्ष), निवासी साकेत कॉलोनी, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।