बिलासपुर। स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी रास्ते में छात्रा का हाथ पकड़कर खींचता था और उसकी चुन्नी खींचकर परेशान करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को पीड़िता की मां ने सकरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव का रहने वाला आरोपी विजय मरावी आए दिन उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। जब भी छात्रा स्कूल जाने के लिए निकलती, आरोपी उसका हाथ पकड़कर खींचता और कभी चुन्नी खींचकर अभद्र व्यवहार करता था। पड़ोसी होने के कारण परिवार ने शुरुआत में मामले को नजरअंदाज किया।
शिकायत के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान उस्लापुर जय स्तंभ के पास आरोपी ने उसे स्कूल जाने से मना करते हुए उसका हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचा तथा छेड़छाड़ की। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता और महिला संबंधी अपराध को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1005/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।