बिलासपुर में 12 साल की किशोरी का अपहरण फिर रेप, मुंगेली का युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग को बरामद कर लिया है। मामले में BNS की धारा 137(2), 64(2)(M) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को नाबालिग के परिजन ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मिले सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, सटीक सूचना मिलने के बाद टीम ने आरोपी के ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को उसके कब्जे से बरामद कर लिया।

पूछताछ में सामने आई दुष्कर्म की बात

पुलिस के अनुसार, नाबालिग से विधिवत पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश जांगड़े (22 वर्ष) निवासी डीगोरा चरोटी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में BNS की धारा 137(2), 64(2)(M) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *