बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर धारदार चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल पैदा करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि रतनपुर के बड़ी बाजार इलाके में एक युवक बटनदार चाकू दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवक चाकू दिखाते हुए वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में रवाना किया।
पुलिस टीम ने नूतन चौक, बड़ी बाजार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान निजाम अली उर्फ अश्शू (21 वर्ष) निवासी बड़ी बाजार, रतनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।