रायपुर। मौदहापारा थाना क्षेत्र से बिना बताए घर से निकला नाबालिग बालक जीशान मध्यप्रदेश से सकुशल बरामद हो गया है। मौदहापारा पुलिस ने तकनीकी जांच और CCTV फुटेज की मदद से महज दो दिन में बालक को खोज निकाला और उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे जीशान किसी बात से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने मौदहापारा थाने में सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और ट्रेन रूट से मिला सुराग
पुलिस टीम ने बालक की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज, संभावित रास्तों और ट्रेन के रूट की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को बालक के मध्यप्रदेश के सुजालपुर में होने की जानकारी मिली।इसके बाद मौदहापारा पुलिस ने RPF सुजालपुर से संपर्क किया। पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई में बालक को चलती ट्रेन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
परिवार को सौंपा गया बालक
बालक के मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित वापस आने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।