धमतरी के होटल में मुलाकात, रायपुर मंत्रालय बुलाकर जीता विश्वास, महिला-पुरुष ने ठगे 9 लाख, दोनों गिरफ्तार

धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी से अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 8 हजार रुपये लिए थे। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, भानपुरी, थाना गुरूर, जिला बालोद निवासी मनीष साहू (27) ने सिटी कोतवाली धमतरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू (50) और अमित कुमार देवांगन (38) से हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए उसे नौकरी दिलाने और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन में आवास का आवंटन कराने का झांसा दिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी को भरोसे में लेने के लिए उसे मंत्रालय स्थित महानदी भवन भी ले गए और आवास की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई। इसके बाद बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने प्रार्थी से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी लिए।

बाद में जब प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने कथित तौर पर 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि शेष रकम नहीं लौटाई।

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
शशि प्रभा साहू (पति प्रीतम साहू, उम्र 50 वर्ष)
स्थाई पता: जंगल पारा, गांधी नगर, नगरी, जिला धमतरी (छ.ग.)
हाल मुकाम: कमल विहार कॉलोनी, रायपुर, ब्लॉक-ई, क्वार्टर नंबर 120, जिला रायपुर।

अमित कुमार देवांगन (पिता स्व. सुखराम देवांगन, उम्र 38 वर्ष)
स्थाई पता: पारागांव, वार्ड क्रमांक 12, परमेश्वरी मंदिर के पीछे, भाठापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर (छ.ग.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *