जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने डूमरबहार गांव में एक घर को निशाना बनाते हुए अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी कर लिए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के एक जोड़ी कर्णफूल बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डूमरबहार निवासी ललित यादव (20 वर्ष) ने 4 नवंबर को थाना बागबहार में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वह होटल से अपने घर सोने पहुंचा तो देखा कि घर के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला था।
घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली मिली और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसके बाद उसने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। तीनों ने घर की जांच की तो अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिले। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की बात बताते हुए उस पर चोरी का संदेह जताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बागबहार पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/26, धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम डूमरबहार में पतासाजी की और शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने और अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के एक जोड़ी कर्णफूल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है, बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार, थाना बागबहार, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।