रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों में दबिश दी। इस दौरान कुल 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 38,450 रुपये नकद, ताश की गड्डियां सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कोतवाली, जूटमिल और पुसौर थाना क्षेत्रों में की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोतवाली पुलिस ने डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में पंचधारी डेम स्थित मंदिर के पास जुआ खेलने की सूचना पर घेराबंदी कर छापेमारी की। यहां काट पत्ती नामक जुआ खेलते हुए चार लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपंकर मित्रा उर्फ शुभम (32 वर्ष), सुभाष चन्द्र व्यापारी उर्फ आकाश (28 वर्ष), विक्की मंडल (40 वर्ष) और भास्कर दास (48 वर्ष), सभी निवासी रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से 23,200 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चन्द्रा, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप चंद्र बेहरा और नरोत्तम यादव शामिल रहे।
जूटमिल पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई कयाघाट स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने की गई, जहां स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेल रहे विजय दास महंत (38 वर्ष), अक्षय भारद्वाज (30 वर्ष) और जावेद अली (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1,980 रुपये नकद जब्त किए गए।

वहीं दूसरी कार्रवाई बांझीनपाली स्थित मनकेशरी मंदिर के सामने की गई। यहां जुआ खेलते हुए संजय कुमार पाण्डेय (40 वर्ष), उमेश आदित्य (30 वर्ष), कमलेश उर्फ भुरी यादव (23 वर्ष) और एतवारी आदित्य (60 वर्ष) को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 920 रुपये नकद बरामद किए। दोनों स्थानों पर कुछ जुआरी पुलिस को देखकर फरार हो गए।
पुसौर पुलिस ने थाना प्रभारी टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में ग्राम बाघाडोला और जकेला में छापेमारी की। ग्राम बाघाडोला में पंचायत भवन के सामने बिजली की रोशनी में जुआ खेल रहे डिग्रीलाल चौहान (54 वर्ष), जपेश्वर चौहान (32 वर्ष) और गोपाल चौहान (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 2,150 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की।
इसी तरह ग्राम जकेला खार के पास जुआ खेल रहे जगदीश साव (29 वर्ष), विद्याधर साव (48 वर्ष), सुशील प्रधान (48 वर्ष) और नंद कुमार साव (31 वर्ष) को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके पास से 10,200 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक बोरी बरामद की गई।