बालोद। जिले के दल्लीराजहरा में यूनियन बैंक के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही मोटरसाइकिल ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पूर्व सैनिक चंद्रमणी मोहंती घायल हो गए। उनके बाएं पैर में घुटने के पास गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए दुर्ग के आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 26 मेन रोड दल्लीराजहरा निवासी अभिषेक मोहंती ने बताया कि उनके पिता चंद्रमणी मोहंती सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में बीएसपी के सेक्टर-6 स्कूल में गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहे हैं। अभिषेक को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनके पिता का यूनियन बैंक के सामने एक्सीडेंट हो गया है।
सूचना मिलते ही अभिषेक मौके पर पहुंचे, जहां उनके पिता के बाएं पैर से काफी खून निकल रहा था और पैर में रूमाल बांधा हुआ था। घायल चंद्रमणी ने बताया कि वह स्कूटी क्रमांक CG24 V 7417 से बैंक संबंधी काम के लिए यूनियन बैंक पहुंचे थे। बैंक के सामने स्कूटी खड़ी करते समय सामने से आ रही टीवीएस मैक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 LY 6579 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में उनके बाएं पैर के घुटने के पास चोट आई। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए दुर्ग स्थित आरोग्य अस्पताल ले गए, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है।