रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी और अपराधों पर अंकुश लगाने पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में खम्हारडीह थाना पुलिस ने कचना तालाब के पास चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खम्हारडीह पुलिस को सूचना मिली थी कि कचना तालाब के पास एक युवक चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान भूषण साहू (20 वर्ष), पिता शत्रुधन साहू, निवासी धान मंडी के पास तिल्दा, जिला रायपुर, वर्तमान निवासी शासकीय स्कूल के पास कचना, थाना खम्हारडीह के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 446/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
राजधानी पुलिस द्वारा अवैध हथियार लेकर घूमने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।