रायपुर। PM मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी देने के फैसले का CM विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय को अभिनंदनीय और दूरदर्शी बताते हुए PM मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
CM विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि इस निर्णय से अग्निवीरों को चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद दो वर्ष तक और राष्ट्र की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इससे देश के लिए समर्पित युवाओं के अनुभव, कौशल और सामर्थ्य का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
सीएम साय ने कहा कि इसके साथ ही निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का अवसर भी मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों के अनुभव और क्षमताओं का राष्ट्रहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने वाला यह महत्वपूर्ण निर्णय देश की सुरक्षा और युवाओं के लिए एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने इस दूरदर्शी फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।