Headlines

दुर्ग में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 18 लोग गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नंदिनी, धमधा और उतई थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे कुल 18 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने ₹17,950 नगद और ताश की 208 पत्तियां जब्त की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीमों को सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित थाना क्षेत्रों की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा। इस कार्रवाई में थाना नंदिनी में एक, थाना धमधा में एक और थाना उतई में दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

कहां-कहां हुई कार्रवाई?

1. नंदिनी थाना: ग्राम कोड़िया स्थित शासकीय स्कूल के पीछे जुआ खेलते चार लोगों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से ₹1,800 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

2. धमधा थाना: ग्राम राजपुर में पत्थर खदान के किनारे जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से ₹12,020 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की।

3. उतई थाना: ग्राम पतोरा में पानी टंकी के नीचे जुआ खेलते पांच लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से ₹2,280 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

4. उतई थाना: इडरा नहर के पास जुआ खेलते तीन लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹1,850 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।

इस तरह चारों मामलों में 18 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *