जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जिले के ग्राम बनगांव में आयोजित आंचलिक करमा महोत्सव में सपत्नीक शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में सहभागिता निभाई और पारंपरिक करमा उत्सव का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि जनजातीय भाई-बहनों के बीच उनकी खुशियों में सहभागी बनना उनके लिए अत्यंत सुखद और आत्मीय क्षण रहा। करम डार की पूजा, अच्छी फसल की कामना और करम गीतों की मधुर धुनों के बीच महोत्सव का उल्लास छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की जीवंतता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी लोकपरंपराएं ही हमारी पहचान हैं। इन्हें सहेजना, अगली पीढ़ी तक पहुंचाना और इनका गौरव बढ़ाना हम सभी का साझा दायित्व है।
उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।