केशकाल। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने केशकाल में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में करीब 15 किलोग्राम खाद्य सामग्री मानव उपभोग के अयोग्य पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराई गई। वहीं, गुणवत्ता की जांच के लिए 6 खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक अग्रवाल के आदेश, जिला कलेक्टर के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी के नेतृत्व में की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से बेसन, मैदा, अंजीर कतली, पनीर और खोवा सहित कुल 6 खाद्य नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति का पता लगाया जा सके।
वहीं, जांच के दौरान सूजी, सौंफ, कोकोनट चूरा और मोतीचूर के लड्डू सहित लगभग 15 किलोग्राम खाद्य सामग्री खराब और मानव उपभोग के अयोग्य पाई गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी सामग्री को नियमानुसार नष्ट करा दिया।