अंतागढ़। सिकसोड़ थाना क्षेत्र के जुनागावड़े गांव में हुए बाइक हादसे में घायल व्यक्ति की मदद के लिए थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए खुद मोर्चा संभाला। एंबुलेंस और पुलिस वाहन के समय पर नहीं पहुंचने की स्थिति में थाना प्रभारी अपनी निजी कार से घटनास्थल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, जुनागावड़े गांव में एक व्यक्ति बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच ने 108 एंबुलेंस और 112 को सूचना दी। बताया जा रहा है कि काफी समय बीतने के बाद भी दोनों वाहन मौके पर नहीं पहुंचे।
घायल की हालत बिगड़ती देख ग्रामीणों ने मामले की जानकारी सिकसोड़ थाना प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने शासकीय वाहन का इंतजार किए बिना अपनी निजी कार से घटनास्थल का रुख किया। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने घायल की स्थिति देखी और तत्काल उसे अपनी कार से स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ पहुंचाया।
अस्पताल में घायल को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। थाना प्रभारी की इस तत्परता से घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। घटना के बाद उनकी संवेदनशीलता और तत्काल मदद करने की पहल की स्थानीय स्तर पर चर्चा हो रही है।