250 सांपों का रेस्क्यू, सूचना मिलते ही स्पॉट पर देवदूत बने वन विभाग के कर्मचारी

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार वनमंडल अंतर्गत बलौदाबाजार वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम वन संरक्षण के साथ-साथ वन्यजीवों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तत्परता से कार्य कर रही है।किसी भी वक्त जब भी किसी घर, विद्यालय, खेत या आबादी वाले क्षेत्र में सर्प अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई देने की सूचना प्राप्त होती है, वन विभाग की टीम द्वारा बिना विलंब घटनास्थल पर पहुँचकर सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित की जा रही है।

वर्ष 2026 के दौरान बलौदाबाजार वन परिक्षेत्र की टीम द्वारा विभिन्न ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों से लगभग 250 सर्पों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। इनमें विषेले सर्प जैसे कॉमन करेत, रसेल वाइपर,कोबरा सहित अन्य प्रजातियाँ शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में गैर-विषैले सर्पों का भी सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें निकटवर्ती वन क्षेत्रों में उनके प्राकृतिक एवं सुरक्षित आवास में छोड़ा गया।

सर्प रेस्क्यू के साथ-साथ वन विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर घायल बंदरों का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। घायल बंदरों को सुरक्षित निकालकर आवश्यक उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था की गई तथा उनकी स्थिति के अनुरूप उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। इस प्रकार वन विभाग ने केवल सर्प रेस्क्यू तक ही स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि संकटग्रस्त वन्यजीवों के संरक्षण एवं बचाव के प्रति भी अपनी संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभाई।

रेस्क्यू अभियान के दौरान कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। जीएडी कॉलोनी, कृष्णायान कॉलोनी, लक्ष्मण विहार कॉलोनी, श्री कृष्णा सिटी सहित बलौदाबाजार नगर के विभिन्न वार्डों तथा लगभग सभी ग्रामों से प्राप्त सूचनाओं पर वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर सफल एवं सुरक्षित सर्प रेस्क्यू करती रही है। कई बार देर रात भी सर्प दिखाई देने की सूचनाएँ प्राप्त हुई। ऐसे अवसर पर एसडीओ, बलौदाबाजार के मार्गदर्शन में, परिक्षेत्र अधिकारी एवं बलौदाबाजार परिक्षेत्र के वन अमले द्वारा आंशिक रूप से प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ सीमित संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए तत्काल सुरक्षित एवं सफल सर्प रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। इन त्वरित कार्रवाइयों से संभावित जनहानि को टालते हुए वन्यजीवों का सुरक्षित संरक्षण भी सुनिश्चित किया गया, जिससे क्षेत्र में वन विभाग के प्रति जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।

सर्प रेस्क्यू अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बलौदाबाजार वनमंडल कार्यालय में विशेष सर्प रेस्क्यू प्रशिक्षण का आयोजन भी किया गया। इस प्रशिक्षण में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय स्वयंसेवकों सहित लगभग 70 से 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विषैले एवं गैर-विषैले सर्पों की पहचान, सुरक्षित रेस्क्यू की वैज्ञानिक तकनीक, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, प्राथमिक सावधानियों तथा रेस्क्यू के बाद वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल से वन अमले एवं स्वयंसेवकों की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जिससे रेस्क्यू कार्य और अधिक त्वरित एवं प्रभावी बन सका।

वन विभाग की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली से क्षेत्र के लोगों में विश्वास और जागरूकता दोनों बढ़े हैं। अब नागरिक वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देना अधिक सुरक्षित और जिम्मेदार विकल्प मान रहे हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष में कमी आई है तथा जैव विविधता संरक्षण को नई मजबूती मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *