दुर्ग। अवैध सट्टा-पट्टी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत नेवई पुलिस ने बीआरपी चौक नर्सरी में सट्टा-पट्टी लिखते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 नग सट्टा-पट्टी, नगदी रकम और एक नीले रंग का डाटपेन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीआरपी चौक नर्सरी, नेवई में एक व्यक्ति विभिन्न अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तामेश्वर साहू उर्फ तामेश (41 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा संगम चौक, थाना नेवई, जिला दुर्ग बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न अंकों के सामने लिखे सट्टा दांव वाले 5 सफेद लाइनदार कागज, नगदी रकम और डाटपेन जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी से सट्टा गतिविधि के लिए वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद थाना नेवई में अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर दुर्ग कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।