फाफाडीह ओवरब्रिज के पास कार से बैग चोरी, आइल गिरने का झांसा देकर वारदात को अंजाम

रायपुर। राजधानी रायपुर में कार सवार से झांसा देकर बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। अमलीडीह निवासी कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के मालिक ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, बैग में 25 हजार रुपये नकद, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, बैंक के कागजात, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, कार्यालय के दस्तावेज और चाबियां रखी थीं।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 11:40 बजे कारोबारी अपनी कार क्रमांक CG04PS7590 से घर से रावाभाठा स्थित कार्यालय जा रहे थे। कार की आगे वाली सीट पर ब्राउन रंग का बैग रखा था। जब वे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें कार के बोनट से तेल गिरने की बात कही। कुछ आगे बढ़ने पर दूसरे व्यक्ति ने भी बोनट से तेल गिरने की बात कही।

इसके बाद कारोबारी ने कार को यू-टर्न लेकर साइड में रोका और सर्विसिंग वाले को फोन किया। सर्विसिंग कर्मचारी के कहने पर वे कार से नीचे उतरे और बोनट की तस्वीर खींचकर भेजी।

शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान वे कुछ देर के लिए कार से बाहर रहे। जब वे वापस कार के अंदर पहुंचे तो आगे की सीट पर रखा ब्राउन रंग का बैग गायब था। कारोबारी ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बैग चोरी किए जाने की आशंका जताते हुए गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *